Swasthya Setu

पीलीभीत; नर्सिंग छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस!

पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव शाही में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक नर्सिंग छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दयंती देवी उर्फ रानी गंगवार के रूप में हुई है। वह बरेली के एक कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह शाही रेलवे स्टेशन से आगे रेलवे ट्रैक पर पहुंची और बरेली की ओर से आ रही ट्रेन के सामने कूद गई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर नताशा गोयल और जहानाबाद के प्रभारी निरीक्षक जय शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों से पूछताछ में मृतका के पिता ओमपाल ने बताया कि रानी गांव के ही एक व्यक्ति के घर रुकी हुई थी, जहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top