बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक वकील और उनके रिश्तेदारों पर हुए चाकू हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बिलाल घोसी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सुभाषनगर निवासी वकील बृजेश मिश्रा अपने मामा के घर गुलाबनगर गए थे। देर रात वापस लौटते समय उन पर चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि बिलाल घोसी ने वकील को पकड़कर उन पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके मामा और मामी भी घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार रविवार देर रात जनकपुरी स्थित पुरानी रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिसकर्मियों से माफी मांगता दिखाई दे रहा है।
इस मामले में प्रेमनगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, वकील के मामा सर्वेश मिश्रा ने भी एक अलग शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी ने उन्हें तमंचा दिखाकर धमकी दी थी और रिपोर्ट वापस न लेने पर जान से मारने की बात कही थी।
पुलिस के अनुसार बिलाल घोसी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का सामना कर चुका है और जिला बदर भी रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


