बरेली: पीलीभीत बाईपास रोड स्थित परवाना नगर में स्वास्थ्य सेतु चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 60 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह शिविर श्री गंगा चरण आर्यवर्धन अस्पताल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशीष शंखधर की विशेष भूमिका रही। डॉ. शंखधर एक अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञ हैं और उन्होंने नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली, जीआरएमसी ग्वालियर एवं बीएमएचआरसी भोपाल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शिविर के दौरान महिलाओं की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, BMI एवं हृदय संबंधी जांच की गई तथा विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क परामर्श भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित महिला ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।

प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन डूडा कार्यालय की मुख्य सूत्रधार श्रीमती जलधारा जी के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस केंद्र में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल से प्रभावित होकर कई महिलाओं ने प्रशिक्षण लेने में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में सत्ता एक्सप्रेस अखबार के बरेली ब्यूरो से जुड़े श्री आलोक सक्सेना भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेकर इसकी सराहना की और आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
