फिरोजाबाद। शिकोहाबाद के चर्चित आरव हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया है। रविवार को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में डेढ़ वर्षीय मासूम आरव के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें गंभीर अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के सिर और छाती की हड्डियों को अत्यधिक क्षति पहुंची थी। जांच में पाया गया कि उसके सिर की हड्डियों के जोड़ खुल चुके थे और गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई थी। चिकित्सकों का अनुमान है कि पहली बार जमीन पर पटकने के दौरान ही बच्चा अचेत हो गया होगा, जबकि बाद की चोटों से उसकी मृत्यु हुई।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि शरीर पर बाहर से कोई बड़ा घाव या रक्तस्राव का निशान नहीं मिला, लेकिन अंदरूनी अंगों और हड्डियों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। हाथ और पैरों में किसी प्रकार का फ्रैक्चर नहीं पाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मामले में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में अदालत में प्रस्तुत की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि मामले की जांच शिकोहाबाद के इंस्पेक्टर अनुज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अन्य साक्ष्यों को भी कानूनी रूप से मजबूत करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
उधर, घटना के आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को रविवार को अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गौरतलब है कि शनिवार को शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


