बरेली-शाहजहांपुर रेल मार्ग पर स्थित बिलपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में शाहजहांपुर निवासी 31 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर के कांठ थाना क्षेत्र के गांव सैदापुर निवासी विपिन कुमार मुरादाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। शनिवार सुबह वह 13010 देहरादून एक्सप्रेस से अपने घर लौट रहा था। सुबह करीब 5:50 बजे ट्रेन बिलपुर स्टेशन के पास धीमी हुई तो विपिन ने उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। आरपीएफ के अनुसार, 108 एंबुलेंस सेवा से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद निजी एंबुलेंस की मदद से विपिन को मीरानपुर कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से हुई। मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को सूचना दी गई। मृतक के पिता धर्मेंद्र ने बताया कि उनका बेटा मुरादाबाद में नौकरी करता था और घर लौट रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करने की अपील की है।


