Swasthya Setu

बदायूं; स्पीड ब्रेकर बना काल: बाइक से उछलकर गिरी महिला की मौत!

बदायूं। जिले के दातागंज क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। रास्ते में आए स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से वह सड़क पर गिर गईं और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, दातागंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छछऊ निवासी पूनम (35) अपने भतीजे के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान रास्ते में बने एक स्पीड ब्रेकर पर बाइक अचानक उछल गई। झटका लगने से पीछे बैठी पूनम संतुलन खो बैठीं और सड़क पर सिर के बल गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस सेवा पर फोन किया, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं पहुंची। भतीजे का कहना है कि पूनम करीब एक घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में तड़पती रहीं, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

बाद में घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Scroll to Top