बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के कटरा चांद खां में एक महिला का शव मंगलवार सुबह घर में ही फंदे से लटका मिला। सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची। ससुरालवालों ने पति से अनबन के बाद फंदे पर लटककर आत्महत्या करने की बात कही। जबकि मायके वालों ने दहेज की खातिर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग (लटकने से) मौत की पुष्टि हुई है। महिला की पांच साल पहले शादी हुई थी।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज निवासी संतोष कुमारी ने बारादरी थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि उनकी बेटी अनमोल उर्फ कोमल की शादी वर्ष 2021 में कटरा चांद खां निवासी आकाशदीप से हुई थी। दंपती का तीन वर्षीय पुत्र अन्नू है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज कम लाने को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे।
अनमोल ने कई बार अपने माता-पिता को इस बारे में बताया था। उन लोगों ने बेटी को समझा दिया था। आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब दो बजे अनमोल को फंदे पर लटकाकर मार दिया गया। ससुराल वालों ने उन्हें मौत की सूचना भी नहीं दी। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर परिजन बरेली पहुंचे। उन्होंने देखा कि अनमोल का शव घर में पड़ा था और उसके गले पर फंदे के निशान थे।
पूरे मामले में थाना प्रभारी ने नबताया कि शुरुआत में मामला सुसाइड का लग रहा था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है। लेकिन परिवार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।


