बरेली में पासपोर्ट कार्यालय और उसके अधीन पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से सोमवार को अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पासपोर्ट कार्यालय परिसर को खाली करवाकर करीब डेढ़ घंटे तक सघन जांच की। बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली।
पासपोर्ट कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह 10:57 बजे ई-मेल मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रेमनगर थाना पुलिस डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय और बारादरी पुलिस पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंचीं। सीओ एलआईयू विजय राणा के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड ने कार्यालयों में पहुंचकर सघन तलाशी की।


