Swasthya Setu

बरेली; बहेड़ी में भीषण आग! 200 बीघा गेहूं जलकर खाक, किसानों को भारी नुकसान!

बहेड़ी (बरेली)। बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिगौती गांव में सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गेहूं के खेतों में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई और एक खेत से दूसरे खेत को अपनी चपेट में लेती चली गई। कुछ ही देर में करीब 200 बीघा में खड़ी तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। किसान बदहवास होकर अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग की भयावहता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बहेड़ी के साथ-साथ बरेली और उत्तराखंड के किच्छा से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार, दमकल की कई यूनिट्स और पुलिस बल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।

कटाई से पहले ही बर्बाद हुई फसल

यह आग किसानों के लिए किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है। गेहूं की फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन आग ने कुछ ही घंटों में किसानों की सालभर की मेहनत को राख में बदल दिया। अब प्रभावित किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

मुआवजे की मांग, जांच शुरू

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राजस्व विभाग की टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Scroll to Top