Swasthya Setu

बरेली; जनसुनवाई निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – डीएम अविनाश सिंह

बरेली, 13 अप्रैल। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग शासन स्तर से की जा रही है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि ऐसे शिकायतकर्ताओं को चिन्हित कर उनसे संवाद किया जाए, जो पहले समस्या के समाधान पर संतुष्टि जताते हैं लेकिन बाद में असंतुष्ट फीडबैक दर्ज कराते हैं। साथ ही, प्रत्येक निस्तारित शिकायत को संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने और उसकी विस्तृत रिपोर्ट संलग्न करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि संतुष्टि प्रतिशत को अधिक से अधिक बढ़ाया जाए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर सीधे मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंच रहे हैं, जो कि स्थानीय स्तर पर समाधान में कमी को दर्शाता है। इसमें तत्काल सुधार किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Scroll to Top