Swasthya Setu

बरेली; जल संरक्षण को लेकर उठी आवाज, कार वॉशिंग सेंटरों पर नियंत्रण की मांग!

बरेली। बढ़ते जल संकट और पानी की लगातार हो रही बर्बादी को लेकर सामाजिक संस्था स्वास्थ्य सेतु चैरिटेबल ट्रस्ट ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर में संचालित कार वॉशिंग सेंटरों की जांच कराने और जल संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

संस्था का कहना है कि भीषण गर्मी के दौरान जहां कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर वाहन धुलाई केंद्रों पर बड़ी मात्रा में पानी का उपयोग किया जा रहा है। इससे भूजल स्तर और जल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि एक वाहन की धुलाई में बड़ी मात्रा में पानी खर्च होता है। यदि शहर में संचालित अनेक वॉशिंग सेंटरों के दैनिक उपयोग को देखा जाए तो प्रतिदिन लाखों लीटर पानी की खपत हो रही है। संस्था ने इसे जल संरक्षण के दृष्टिकोण से गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

स्वास्थ्य सेतु चैरिटेबल ट्रस्ट ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में संचालित सभी कार वॉशिंग सेंटरों का सत्यापन कराया जाए, निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) की व्यवस्था को अनिवार्य बनाया जाए। साथ ही नागरिकों के बीच जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की गई।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि अभी से पानी बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में जल संकट और गंभीर रूप ले सकता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था के पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।

Scroll to Top