Swasthya Setu

पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएम

 

पीएनजी लाइन वाले क्षेत्रों में 90 दिन में कनेक्शन अनिवार्य, विवाह सीजन में 9800 सिलेंडर वितरित

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, सीयूजीएल, एलपीजी गैस एजेंसियों, पीएनजी गैस अधिकारियों तथा पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। ऐसे में आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को आवश्यकतानुसार ईंधन की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

पीएनजी गैस कनेक्शन को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन उपलब्ध है, वहां 90 दिनों के भीतर कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा के बाद ऐसे क्षेत्रों में एलपीजी आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रीन पार्क और महानगर क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि सुभाषनगर के शांति विहार क्षेत्र में भी गैस आपूर्ति शुरू कर दी गई है।

विवाह सीजन को देखते हुए 1600 विवाह कार्डों के आधार पर अतिरिक्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। अब तक करीब 9800 सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं के लिए टेंट, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

Scroll to Top