बरेली। स्वच्छ भारत अभियान के दावों की जमीनी हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के अत्यंत व्यस्त पीलीभीत बाइपास मुख्य सड़क मार्ग पर बीसलपुर चौराहे के पास स्थित आलीशान आवासीय परिसर ‘आशीष रॉयल टॉवर’ के सामने नगर निगम की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
यहां रूहेलखंड पुलिस चौकी के सामने बना बड़ा नाला पिछले पांच महीनों से सफाई के अभाव में गंदगी से पट चुका है। वर्ष 2021 में गिरी नाले की बाउंड्रीवाल अब तक ठीक नहीं कराई गई, जिससे नाले में कूड़ा-कचरा और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हालत यह है कि लोग मृत पशुओं—कुत्तों और बिल्लियों—को भी इसी नाले में फेंक देते हैं, जिससे आसपास का वातावरण बेहद दुर्गंधयुक्त हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले से उठती सड़ांध के कारण जीना मुश्किल हो गया है। दिन-रात मक्खियों और मच्छरों का प्रकोप बना रहता है, जिससे इस भीषण गर्मी में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
इस संबंध में ‘आशीष रॉयल टॉवर’ के मार्केटिंग हेड अजय सक्सेना ने नगर निगम आयुक्त संजीव कुमार मौर्य को लिखित शिकायत के साथ-साथ IGRS पोर्टल पर भी अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम की यह उदासीनता यूं ही जारी रहेगी या स्वच्छ भारत अभियान के तहत इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाएगा।


