Swasthya Setu

बरेली में महिला ने फंदा लगाकर दी जान, फोन पर फौजी पति से हुआ था विवाद!

बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर में किराये के मकान में रह रही एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी कश्मीर में तैनात उसके सैन्यकर्मी पति ने फोन के माध्यम से कैंट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर के अनुसार, मृतका की पहचान आकांक्षा गंगवार के रूप में हुई है। वह शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के कपूरपुर निवासी हृदेश गंगवार की पत्नी थीं। हृदेश भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में गुलमर्ग, कश्मीर में तैनात हैं।

पुलिस के मुताबिक, आकांक्षा कांधरपुर में हरदेवी नामक महिला के मकान में किराये पर अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रिंसा के साथ रह रही थीं। गुरुवार दोपहर प्रिंसा ने मकान मालकिन को बताया कि “मम्मी आवाज नहीं दे रही हैं।” इस पर हरदेवी ऊपर कमरे में पहुंचीं तो देखा कि आकांक्षा दुपट्टे के सहारे कुंदे से लटकी हुई थीं। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था।

मकान मालकिन ने तुरंत अपने बेटे नरेंद्र के जरिए आकांक्षा के पति हृदेश को सूचना दी। इसके बाद हृदेश ने कैंट पुलिस को कॉल कर घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि हृदेश ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 9 फरवरी 2020 को हुई थी। गुरुवार दोपहर दोनों के बीच विवाहेत्तर संबंधों के शक को लेकर फोन पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद आकांक्षा ने उनका फोन रिसीव करना बंद कर दिया।

पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने और बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top