Swasthya Setu

बरेली में बढ़ती गर्मी से बीमारियों का हमला, अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़!

बरेली। जिले में बढ़ती गर्मी के साथ बीमारियों का असर भी तेज़ी से बढ़ने लगा है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के चलते बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन दो हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या बुखार से पीड़ित लोगों की है। वहीं डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।

स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। डॉ. विश्राम सिंह लगातार जिले के सीएचसी और पीएचसी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं कि कहीं भी पानी जमा न होने दिया जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने आशा वर्करों को भी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी है। लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और गंदा पानी जमा न होने देने की अपील की जा रही है।

सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि जिले में प्रतिदिन करीब 750 बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं, जिसको देखते हुए लगातार निगरानी और रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है।

Scroll to Top