बरेली में चौपुला पुल की मरम्मत कार्य में हो रही देरी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को तलब कर कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि 10 दिनों के भीतर शेष कार्य पूरा कर पुल को 17 जून तक हर हाल में यातायात के लिए खोल दिया जाए।
बताया गया कि हाल ही में यातायात पुलिस अधिकारियों ने पुल मरम्मत की धीमी गति से आम लोगों को हो रही परेशानी की जानकारी जिलाधिकारी को दी थी। इसके बाद डीएम ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य की समीक्षा की और निर्माण एजेंसी को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिन के साथ-साथ रात में भी अतिरिक्त मजदूर लगाकर कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा किया जाए।
बैठक के दौरान एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि पुल पर कुल 30 ज्वाइंट की मरम्मत की जानी है, जिनमें से 19 ज्वाइंट का कार्य पूरा हो चुका है। शेष 11 ज्वाइंट की मरम्मत तेजी से कराई जा रही है और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, सोमवार को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी चौपुला पुल पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को जनता को हो रही असुविधा से अवगत कराते हुए कार्य में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए।
चौपुला पुल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और इसके बंद रहने से रोजाना हजारों लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन ने कार्य की नियमित निगरानी शुरू कर दी है ताकि पुल को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोला जा सके।


