Swasthya Setu

लापरवाही बनी जानलेवा! सीतापुर में ट्रेन पकड़ने के चक्कर में मां की मौत, मासूम घायल!

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सिधौली रेलवे स्टेशन पर बीते मंगलवार दोपहर बाद चलती ट्रेन पर चढ़ने के प्रयास में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके एक वर्षीय बच्चे का हाथ कट गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अज्ञात महिला अपने बच्चों के साथ लखनऊ जाने के लिए स्टेशन पर पहुंची थी। इसी दौरान वह चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी। असावधानीवश उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पटरी के नीचे आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में उसके साथ मौजूद एक वर्षीय बालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक हाथ कट गया।

जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। महिला के पास से मिली एक पर्ची पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और मृतका की पहचान रेनू (25) पत्नी राकेश, निवासी ग्राम सूरजपुर थाना संदना के रूप में की है।

सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। वहीं गंभीर रूप से घायल मासूम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया।

Scroll to Top