बरेली: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बरेली के अर्बन हाट में बैंकर सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी महोदय द्वारा की गई, जबकि आयोजन उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्योग केंद्र बरेली के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले को शासन द्वारा 2700 ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष बरेली जिले ने 2751 ऋण वितरण कर लगभग 102% लक्ष्य प्राप्ति हासिल की। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते बरेली को मंडल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
बैंकों का शानदार प्रदर्शन
इस अभियान में विभिन्न बैंकों का योगदान सराहनीय रहा:-
बैंक ऑफ बड़ौदा – 692 ऋण
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक – 659 ऋण
भारतीय स्टेट बैंक – 497 ऋण
पंजाब नेशनल बैंक – 352 ऋण
यूनियन बैंक – 178 ऋण
सेंट्रल बैंक – 144 ऋण
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं जिला समन्वयकों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
शाखा स्तर पर भी सम्मान
20 से अधिक ऋण वितरण करने वाले कुल 26 शाखा प्रबंधकों को भी सम्मानित किया गया। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सुभाष नगर शाखा ने 78 ऋण वितरित कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर शाखा प्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक का विशेष आभार व्यक्त किया गया।
नई योजना का लक्ष्य साझा
उपायुक्त उद्योग द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2800 ऋण वितरण का लक्ष्य भी साझा किया गया। सभी बैंकों ने आश्वासन दिया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी लक्ष्य समय से पूरा किया जाएगा।
युवा फेलोज को भी सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत कार्यरत युवा फेलोज को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने इस योजना के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आभार व्यक्त
कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त उद्योग द्वारा जिला उद्योग केंद्र बरेली के समस्त स्टाफ एवं उपस्थित वरिष्ठ उद्यमियों, जिनमें अजय शुक्ला प्रमुख रहे, का आभार व्यक्त किया गया।


